गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलीं प्रियंका, कहा- कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ है
उन्नाव।
उन्नाव में हैदराबाद जैसी हैवानियत की शिकार हुई गैंगरेप पीड़िता की मौत ने एक फिर पूरे देश को झकझोर दिया है। शनिवार दोपहर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उन्नाव स्थित पीड़िता के गांव पहुंची। उन्होंने बंद कमरे में उसके पिता, भाभी औऱ बहनों से बात की। परिवारीजनों के साथ खड़े होने औऱ हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की नाकायबी पर निशाना साधा। बता दें कि प्रियंका दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ आई हुईं थीं। शुक्रवार को पीड़िता की मौत के बाद शनिवार को उन्होंने अचानक अपने सभी कार्यक्रमों को निरस्त करते हुए उन्नाव पहुंच गई। इससे पहले प्रियंका ने पीड़िता की मौत पर दुख जताते हुए ट्वीट कर योगी सरकार से कई तीखे सवाल किए।
प्रियंका ने ट्वीट कर लिखा कि 'मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुःख की घड़ी में हिम्मत दे'। आगे लिखा कि 'यह हम सबकी नाकामयाबी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं, लेकिन ये उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून व्यवस्था को भी दिखाता है।' उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार को तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? जिस अधिकारी ने उसका एफआईआर दर्ज करने से मना किया उस पर क्या कार्रवाई हुई? उप्र में रोज रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है ? प्रियंका के साथ इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद अन्नू टंडन आदि भी मौजूद रहे।